उन्नाव जिले के सिकंदरपुर कर्ण स्थित परिमल वाटिका में पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत विधानसभा पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व जिलाध्यक्ष रायबरेली रामदेव पाल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और महान विभूतियों की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने ऐसी ऐतिहासिक विभूतियों की उपेक्षा की, जबकि आज अहिल्याबाई होल्कर जैसी न्यायप्रिय, धर्मनिष्ठ और राष्ट्रसेवी महिला शासक की स्मृति को अभियान के माध्यम से जीवंत किया जा रहा है।
रामदेव पाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल केवल जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं, जबकि मोदी सरकार ने राष्ट्रहित में धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, एयर स्ट्राइक जैसी ऐतिहासिक पहल की हैं। उन्होंने 2027 के चुनाव में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि तब भ्रम फैलाने वालों की जमानत जब्त होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर पाल समाज से थीं, लेकिन हमें हमेशा मुगल आक्रांताओं का इतिहास पढ़ाया गया। उनके जैसे धर्मपरायण और न्यायप्रिय शासक के जीवन चरित्र को आम जनता तक पहुंचाना आज की आवश्यकता है, ताकि हमारे समाज में नई चेतना और भक्ति का संचार हो सके। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस ने ऐसा इतिहास गढ़ा जो देश के गौरव को दरकिनार कर दिया।
भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला ने अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उस समय सामाजिक और धार्मिक पुनर्निर्माण का कार्य किया, जब महिलाओं की भूमिका सीमित मानी जाती थी। उन्होंने मुगलों द्वारा तोड़े गए मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया और एक आदर्श शासन व्यवस्था दी। विधायक ने कहा कि यदि सरकार से भूमि उपलब्ध होती है, तो उनके क्षेत्र में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुराग अवस्थी ने की और संचालन जिला महामंत्री आशीष बाजपेई द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विधायक आशुतोष शुक्ला द्वारा मुख्य अतिथियों का स्वागत माला, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर पुण्यश्लोका माता अहिल्याबाई होल्कर की चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष चंद्र अवस्थी, जिला महामंत्री आशीष वाजपेई, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा, कार्यक्रम संयोजक समीर शुक्ला, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष हरि सहाय मिश्रा, मंडल अध्यक्ष बदर का धीरज शुक्ला, सिकंदरपुर कर्ण से रमा गुप्ता, बीघापुर से विवेक सैनी, धानीखेड़ा से विनय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेश बाजपेई, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवाकांत शुक्ला, जिला कार्य समिति सदस्य संदीप पांडे, भगवंतनगर नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू शुक्ला, अचलगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव वर्मा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बीघापुर गोविंद नारायण शुक्ल, प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस सम्मेलन के माध्यम से न केवल अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति को पुनर्जीवित किया गया, बल्कि उनके आदर्शों को आज की राजनीति और समाज में प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया।
0 Comments