रिपोर्ट: आकाश सक्सेनाबदायूं। जिले में वायरल, मलेरिया और डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुखार से अब तक 30 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। कई गांवों में बुखार पीड़ित लोग झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं तो कई अस्पतालों में भर्ती हैं।
बुखार से उझानी के सकरी जंगल में चार, म्याऊ के भसुंदरा में 18, बिलहरी में तीन, म्यारी में एक, पेंपल में एक और कतगांव में एक व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है।
कई लोगों की मृत्यु डेंगू से होने की बात कही जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग जिले में अब तक किसी की डेंगू से मौत होने की बात स्वीकार नहीं कर रहा है। रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने बिल्सी, सहसवान, दातागंज, समरेर आदि क्षेत्रों में शिविर लगाकर 501 मरीजों को का परीक्षण किया गया। 314 बुखार, 325 मलेरिया जांच की गईं। 40 डेंगू आरडीटी टेस्ट किए गए। जिसमें सात डेंगू के मरीज निकले। 563 बुखार पीड़ितों को दवाएं दी गईं। 419 मरीजों को ओआरएस वितिरत किया गया।
भाजपा बगरैन मंडल अध्यक्ष ठाकुर लालू सिंह कई दिनों से डेंगू से पीड़ित थे। बिसौली व बरेली उपचार कराया गया। हालत में सुधार न होने पर लखनऊ पीजीआई रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान रविवार रात उनकी मृत्यु हो गई। जिले में मलेरिया, डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
बिल्सी के बांस बरौलिया, उसावां के भसुंदरा गांव में बुखार से कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव गांव कैंप लगा रही हैं, लेकिन राहत नहीं मिल पा रही है। झोलाछाप से लोग इलाज करा रहे हैं।
भाजपा नेता लालू सिंह की डेंगू बुखार से मृत्यु
बगरैन : बगरैन भाजपा मंडल अध्यक्ष ठाकुर लालू सिंह कई दिनों से डेंगू बुखार के रोग से ग्रस्त थे। उपचार के दौरान लखनऊ के पीजीआई कालेज में रविवार की रात उनकी मृत्यु हो गई। उनकी मृत्यु पर स्वजनों में कोहराम मच गया। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता व अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके शव को पार्टी का झंडा ओढ़ाकर अंतिम विदाई दी। भाजपा मंडल अध्यक्ष लालू सिंह गांव पेंपल के मूल निवासी थे।
तीन सितंबर को डेंगू बुखार की चपेट में आने के बाद कई दिन बिसौली के निजी अस्पताल में उनका उपचार चला। हालत में सुधार न होते देख उनको बरेली रेफर कर दिया गया। वहां भी उन्हें कोई राहत न मिलते देख स्वजन उन्हें लखनऊ पीजीआई कालेज को रेफर करा ले गए।
वहां जाने के बाद वह डेंगू बुखार से हार गए और उपचार के दौरान भाजपा नेता की मृत्यु हो गई। शोकाकुल स्वजन उनके पार्थिक शव को गांव ले आए। शव गांव पहुंचते ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गांव में ही उनकी अंत्येष्टि की गई। सांसद संघमित्रा मौर्य, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, पूर्व विधायक दया सिंधु शंखधार, ब्लाक प्रमुख ओम किशन सागर, हरिओम पाराशरी, अमित पाठक, अनुज सक्सेना व राहुल वार्ष्णेय ने अंत्येष्टी स्थल पर पहुंचकर दिवंगत नेता को शोक श्रद्धांजलि दी।
कतगांव में बुखार पीड़ित युवक की मृत्यु
सैदपुर : थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कतगांव निवासी बुखार पीड़ित कुलदीप की रविवार को बरेली के निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई। स्वजन का कहना है कि उन्हें डेंगू हुआ था, कुछ दिन पहले वह अपनी ससुराल से आए थे। निजी डाक्टर से दवा ली लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। स्वजन उसे बरेली ले गए रविवार रात उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग डेंगू की पुष्टि नहीं कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि गांव के सब सेंटर पर सीएचओ रहती हैं। प्रतिदिन यहां आने वाले मरीजों को जांच के साथ दवा दी जाती है। इधर युवक की मृत्यु से आज सीएचसी सैदपुर की ओर से स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। टीम ने 90 मरीज को देखा और किट से डेंगू, टायफाइड, मलेरिया की जांच की सभी की जांच निगेटिव रहीं। कुछ लोग बुखार व सर्दी जुकाम से पीड़ित थे। जिन्हें दवा वितरण की गई है। कैंप में डा. राजीव वार्ष्णेय, जेबा कमाल, नीलम, पूनम आदि टीम में शामिल थे।
जतकी में बुखार से दो महिलाओं सहित तीन की मृत्यु
दहगवां : बुखार के चलते दो महिलाओं सहित एक युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि यह तीनों मृत्यु डेंगू से हुई है। गांव में दर्जनभर से अधिक लोग व बच्चे बुखार से पीड़ित हैं और उनका उपचार अलीगढ, बरेली व सहसवान आदि जगहों पर चल रहा है। पांच दिन से बुखार से पीड़ित दो महिलाओं सहित एक युवक को डेंगू निकला और फिर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
दहगवां ब्लाक क्षेत्र के गांव जतकी निवासी रिजवाना की (25) वर्षीय पत्नी मुकीश, रहाना 28 वर्ष पत्नी छोटे व खान अली (30) वर्ष पुत्र मोहब्बे को बुखार आया तो परिजनों ने उसको डाक्टर को दिखाया। परिजनों ने बताया कि पांच दिन पहले जांच रिपोर्ट में डेंगू होने की पुष्टि हुई तो परिजन अलीगढ़ मेडिकल कालेज ले गए।
रविवार देर रात उनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गांव में स्वस्थ्य विभाग की ओर से अभी गांव में हुई मृत्यु के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जब तीन मृत्यु हो गई थी। जब स्वास्थ्य विभाग की टीम आई और खाना पूर्ति कर चली गई। क्योंकि अधिक तर जो बुखार से अधिक पीड़ित है वह अलीगढ, बरेली, सहसवान में उनके परिवारीजन इलाज करा रहे है।
बगरैन के एक युवक की मृत्यु की जानकारी मिली है, लेकिन उन्हें डेंगू था कि इसकी जानकारी नहीं है। सरकारी अस्पताल में उनकी कोई जांच नहीं हुई है। कल टीम भेजकर इसकी जानकारी कराएंगे। बुखार से पीड़ितों की जहां से जानकारी मिल रही है वहां टीम भेजकर उपचार कराया जा रहा है।
- डा.प्रदीप कुमार वाष्र्णेय, सीएमओ
0 Comments